इटावा: सैफई साईं सेंटर में बिना कोच के तैयारी को मजबूर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, महीनों से खाली पड़े पदों पर नियुक्ति की मांग

इटावा: भारतीय खेल प्राधिकरण (साईं) प्रशिक्षण केंद्र, सैफई में एथलेटिक्स और हैंडबॉल के खिलाड़ी पिछले कई महीनों से बिना नियमित कोच के ही अभ्यास करने को मजबूर हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और स्वर्ण पदक भी जीत चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

जानकारी के अनुसार, एथलेटिक्स की कोच विमलेश कुमारी अक्टूबर 2025 में सेवानिवृत्त हो गई थीं। उनके जाने के बाद से एथलेटिक्स के 12 खिलाड़ी बिना स्थायी कोच के अभ्यास कर रहे हैं। वहीं हैंडबॉल की कोच एवं तत्कालीन केंद्र प्रभारी कांतापराशर नवंबर 2025 में सेवानिवृत्त हुई थीं। तब से हैंडबॉल के 30 खिलाड़ियों को भी नियमित कोच नहीं मिल पाया है।

Also Read: UP: सैफई से युवती रहस्यमयी ढंग से लापता, 3 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

खिलाड़ियों ने बताया कि वे अब भी पूर्व कोच कांतापराशर से मोबाइल फोन पर प्रशिक्षण संबंधी सलाह लेकर अभ्यास कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी कृषि, सूर्य प्रकाश, अनीश यादव, आर्यन यादव और हर्षित गुप्ता का कहना है कि पिछले आठ महीने से बिना कोच के तैयारी करने से उनकी तकनीकी ट्रेनिंग और प्रतियोगिताओं की तैयारी प्रभावित हो रही है।

सिर्फ कोच ही नहीं, साईं केंद्र में स्थायी प्रभारी का पद भी लंबे समय से रिक्त है। पहले लखनऊ से नरेंद्र सिंह बिष्ट को अतिरिक्त प्रभार दिया गया था, जबकि वर्तमान में लखनऊ साईं केंद्र के रेसलिंग कोच हरेंद्र कुमार उपाध्याय अतिरिक्त प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

Also Read: UP: इटावा में अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 18 क्वार्टर देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

खिलाड़ियों ने भारतीय खेल प्राधिकरण से जल्द स्थायी कोच और केंद्र प्रभारी की नियुक्ति करने की मांग की है, ताकि प्रशिक्षण व्यवस्था मजबूत हो सके और खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी कर सकें।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)