UP: जौनपुर खुटहन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में अंतरजनपदीय हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान एक आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहन भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक सुईथाखुर्द नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में रिंकू यादव उर्फ ओमप्रकाश यादव (35), निवासी भेला थाना सरपतहां, जौनपुर के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी सत्यम लोना उर्फ लल्लू (23), निवासी शाहपुर फिरोजपुर, थाना जलालपुर, जनपद अंबेडकर नगर को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है और दोनों के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपित को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रिंकू यादव थाना सरपतहां का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध जौनपुर, आजमगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, अमेठी, प्रयागराज तथा अयोध्या सहित विभिन्न जनपदों में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपित सत्यम लोना के विरुद्ध भी पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
















































