Home UP News आजमगढ़: बिजली के पोल से टकराया डीजल टैंकर, ट्रांसफार्मर गिरते ही भड़की...

आजमगढ़: बिजली के पोल से टकराया डीजल टैंकर, ट्रांसफार्मर गिरते ही भड़की आग, ड्राइवर समेत 3 की जिंदा जलकर मौत

आजमगढ़: गोरखपुर से डीजल लेकर बिलरियागंज स्थित पेट्रोल पंप जा रहा एक टैंकर जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी-मिर्जापुर के पास विद्युत उपकेंद्र के पास हादसे का शिकार हो गया। बिजली के पोल से टकराकर ट्रांसफार्मर गिर गया और तेज धमाके के साथ टैंकर में आग लग गई। इस हादसे में ड्राइवर समेत 3 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी विकराल थी कि आसपास के लोग टैंकर के पास तक नहीं पहुंच सके। देखते ही देखते ऊंची-ऊंची लपटों ने पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए 6 दमकल गाड़ियां लगाई गईं। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

Also Read: UP: आजमगढ़ में पुलिस का बड़ा एक्शन, फर्जी दवा बेचने वाले गैंग का पर्दाफाश, सरगना समेत 5 गिरफ्तार

इस हादसे में मरने वालों में मेहनगर थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी 26 वर्षीय प्रदीप कुमार की पहचान हुई है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अन्य 2 मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। सीओ सगड़ी देशराज सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)