मुरादाबाद: हरियाणवी डांसर सपना चौधरी से जुड़े वर्ष 2019 के एक मामले में आज मुरादाबाद की एसीजेएम कोर्ट-2 में होने वाली सुनवाई हड़ताल के चलते नहीं हो सकी. अब इस मामले में अगली तारीख 27 अगस्त 2026 तय की गई है, जिसमें अंतिम पूर्ण बहस होने की बात कही जा रही है.
दरअसल, वर्ष 2019 में सपना चौधरी मुरादाबाद में एक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं. कार्यक्रम के दौरान उनके डांस को लेकर विवाद खड़ा हुआ था. वादी पक्ष का आरोप है कि कार्यक्रम में अश्लील डांस के कारण वहां मौजूद भीड़ में भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई थी. हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भीड़ पर लाठीचार्ज करना पड़ा था.
आरोप यह भी है कि पुलिस के लाठीचार्ज में कई दर्शक चोटिल हुए थे और देर रात तक डीजे बजाया गया था. इसी मामले को लेकर निषाद पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. रामेश्वर दयाल की ओर से सपना चौधरी के खिलाफ मुरादाबाद की अदालत में वाद दायर किया गया था.
मामला फिलहाल एसीजेएम कोर्ट-2 में विचाराधीन है. आज अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण सुनवाई नहीं हो सकी. अब 27 अगस्त को होने वाली सुनवाई में अंतिम पूर्ण बहस होगी. इसके बाद मामले में न्यायालय की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर रहेगी.



















































