UP: बांदा के बिसंडा क्षेत्र में मंदिर की जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। दूल्हा थोक, गांधी नगर स्थित ऐतिहासिक नर्मदेश्वर महादेव मंदिर की करीब 10 बीघा भूमि पर कथित तौर पर कब्जे की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया गया है। मंदिर से जुड़े पुजारी परिवार की पुष्पा देवी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार मंदिर की गाटा संख्या 2348 में दर्ज करीब 2.829 हेक्टेयर भूमि को लेकर विवाद है। आरोप है कि जमीन के लगभग दो-तिहाई हिस्से पर कुछ लोगों की नजर है और कथित मिलीभगत से मंदिर की संपत्ति को अपने कब्जे में लेने की कोशिश की जा रही है।
Also Read: UP:डाक कांवड़ लेकर दिल्ली लौट रहे युवक की दर्दनाक मौत, पीछे से कंटेनर ने मारी टक्कर
पुष्पा देवी का कहना है कि उनकी मां लंबे समय तक नर्मदेश्वर महादेव मंदिर की सेवा करती रही हैं और उनका परिवार पीढ़ियों से मंदिर की देखरेख से जुड़ा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने कथित रूप से मंदिर की जमीन पर अधिकार जमाने के उद्देश्य से एक फर्जी ट्रस्ट का पंजीकरण करा लिया है।
शिकायत में संबंधित लेखपाल पर भी आरोपियों के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का दावा है कि मंदिर की बेशकीमती जमीन को हड़पने के बाद उसे बेचने या अन्य तरीके से उपयोग करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से राजस्व अभिलेखों और ट्रस्ट के पंजीकरण की भी गहन जांच कराने की मांग की है।
पुष्पा देवी ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कथित फर्जी ट्रस्ट की वैधता की पड़ताल करने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मंदिर की भूमि को सुरक्षित रखने की गुहार लगाई है। फिलहाल मामले में प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मंदिर की जमीन को लेकर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और ट्रस्ट का गठन किन परिस्थितियों में हुआ।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है



