UP: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमेठी को एक नई हरित सौगात मिलने जा रही है। वन विभाग की ओर से 15 अगस्त को कादूनाला वन ब्लॉक के निकट गुन्नौर क्षेत्र में ‘वंदेमातरम वाटिका’ की स्थापना की जाएगी। वाटिका में कुल 150 पौधे लगाए जाएंगे। यह आयोजन वंदेमातरम रचना की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
वाटिका की स्थापना को लेकर वन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) रणवीर मिश्र ने बताया कि गुन्नौर क्षेत्र में विकसित की जा रही इस वाटिका में पर्यावरणीय, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे।
वाटिका में हरिशंकरी वाटिका के साथ शीशम, सागौन, पीपल, बरगद और पाकड़ सहित अन्य पौधों का रोपण किया जाएगा। पौधों के चयन में क्षेत्र की जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण तथा छाया और ऑक्सीजन की उपलब्धता को ध्यान में रखा गया है।डीएफओ ने बताया कि 15 अगस्त को वाटिका स्थापना के साथ ही वंदेमातरम रचना की 150वीं जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पौधारोपण करेंगे।
उन्होंने कहा कि ‘वंदेमातरम वाटिका’ का उद्देश्य देशभक्ति की भावना के साथ पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करना है। आने वाले समय में यह वाटिका क्षेत्रवासियों के लिए पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा का केंद्र बनने के साथ मनोरंजन और प्रकृति से जुड़ाव का स्थान भी बनेगी।वन विभाग ने आमजन से भी पौधारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।



















































