UP: मौसम में बदलाव से बढ़े वायरल फीवर और सर्दी-जुकाम के मरीज, रोजाना 400 से 500 की ओपीडी

UP: चंदौली में बुधवार को मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। खासकर नवजात और छोटे बच्चों में सर्दी-जुकाम, बुखार तथा वायरल फीवर के मामले अधिक सामने आ रहे हैं। इसके साथ ही चर्म रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या भी बढ़ी है।

राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके चतुर्वेदी ने बताया कि इन दिनों अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 400 से 500 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चों की संख्या काफी अधिक है। मौसम में अचानक बदलाव के कारण वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम और बुखार के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

Also Read: CDSCO की रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा, 240 दवाओं के सैंपल क्वालिटी टेस्ट में फेल

डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों को अचानक तापमान में होने वाले बदलाव से बचाने की जरूरत है। उन्होंने सलाह दी कि बारिश के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न ले जाएं।

उन्होंने कहा कि यदि किसी जरूरी काम से बच्चों को बारिश में बाहर ले जाना पड़े तो रेनकोट, छाता और अन्य जरूरी सुरक्षा साधनों का इस्तेमाल जरूर करें। बच्चों को बारिश में भीगने से बचाएं और मौसम के अनुसार उनके खान-पान तथा रहन-सहन का विशेष ध्यान रखें।

Also Read: गर्दन दर्द को हल्के में न लें! ये 6 लक्षण हो सकते हैं खतरनाक

चिकित्सा अधीक्षक ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों में लगातार बुखार, सर्दी-जुकाम या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लें। मौसम में बदलाव के दौरान सावधानी बरतकर बच्चों को संक्रमण और मौसमी बीमारियों से बचाया जा सकता है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)