चंदौली: सकलडीहा पुलिस ने रेलवे सिग्नल केबल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 26 मीटर 12-कोर सिग्नलिंग केबल, हेक्सा ब्लेड, दो मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर रखे ड्रम से अज्ञात चोरों ने करीब 25 से 30 मीटर सिग्नलिंग केबल चोरी कर लिया था। मामले में स्टेशन पर तैनात एसआईएम रामनरायन राय की तहरीर पर सकलडीहा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन और थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में गठित टीम ने 12 अगस्त की रात करीब दो बजे चतुर्भुजपुर बाजार में चेकिंग के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें तीन आरोपी चोरी करने वाले बताए गए हैं, जबकि चौथा आरोपी चोरी का सामान खरीदने वाला कबाड़ी है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 10 अगस्त की रात सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर रखे ड्रम से हेक्सा ब्लेड की मदद से सिग्नल केबल काटकर चोरी की थी। इसके बाद केबल को पल्सर बाइक से बेचने के लिए कबाड़ी बनारसी चौहान के पास ले गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश कुमार राय उर्फ दिलीप, दिलीप राय और रोहित राय, सभी निवासी ग्राम दिघवट, थाना चंदौली शामिल हैं। वहीं चोरी का माल खरीदने के आरोप में बनारसी चौहान, निवासी चतुर्भुजपुर, थाना सकलडीहा को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बरामद केबल की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धाराओं 317(2) और 317(4) की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक जगदीश यादव, उपनिरीक्षक जयप्रकाश दूबे और कांस्टेबल प्रश्विन दूबे शामिल रहे।



















































