मथुरा: 6 दिसंबर की कार सेवा में लाखों धर्मयोद्धा लेंगे भाग: जयभगवान गोयल

मथुरा: धर्म रक्षा संघ के तत्वावधान में भागवत मंदिरम में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आचार्य बद्रीश महाराज ने की। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में यूनाइटेड हिंदू फ्रंट के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष जय भगवान गोयल दिल्ली से अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए। बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में 6 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित कारसेवा को लेकर रणनीति और तैयारियों पर चर्चा की गई।

चार महीने में समाधान नहीं हुआ तो कारसेवा की चेतावनी

धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि सरकार, न्यायालय और मुस्लिम समाज के पास अभी चार महीने का समय है। उन्होंने कहा कि यदि इस अवधि में मामले का कोई शांतिपूर्ण समाधान नहीं निकलता है तो 6 दिसंबर को धर्मयोद्धा कारसेवा करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की तैयारी है।

Also Read:UP: रक्षाबंधन-जन्माष्टमी की तैयारी से मथुरा की मंडियों में बढ़ी रौनक, किराना में तेजी तो सब्जियों के दाम रहे मिले-जुले

जय भगवान गोयल बोले- लाखों कार्यकर्ता कारसेवा में होंगे शामिल

यूनाइटेड हिंदू फ्रंट के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष जय भगवान गोयल ने प्रस्तावित कारसेवा को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि 6 दिसंबर को लाखों की संख्या में कार्यकर्ता कारसेवा में शामिल होंगे। गोयल ने 6 दिसंबर 1992 की अयोध्या की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें उस घटना पर गर्व है।

कृष्ण जन्मभूमि के लिए अब और इंतजार नहीं: संत

धर्म रक्षा संघ के कार्यकारी अध्यक्ष महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज और महामंडलेश्वर स्वामी कृष्णानंद महाराज ने कहा कि राम जन्मभूमि के लिए हिंदू समाज ने 500 वर्षों तक इंतजार किया, लेकिन कृष्ण जन्मभूमि के मामले में अब और प्रतीक्षा नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि 6 दिसंबर 2026 से बड़े स्तर पर कारसेवा शुरू करने की बात कही गई है।

Also Read: मथुरा: कांवड़ यात्रा पर टिप्पणी से बृज में विवाद, संत समाज ने मौलाना के बयान पर कार्रवाई की मांग

1968 के समझौते पर भी उठाए सवाल

धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय संयोजक आचार्य बद्रीश महाराज और स्वामी अतुल कृष्ण दास महाराज ने 1968 के समझौते को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विवाद में हिंदू समाज के साथ धोखा हुआ है। बैठक में हनुमान टेकरी महंत दशरथ दास महाराज, श्रीदास प्रजापति, घनश्याम, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यानंद सरस्वती, महंत देवानंद वनमहाराज, ध्रुव शर्मा, आशीष शर्मा, आयुष शुक्ला, परमेश्वर चौबे, तुलसी दास, प्रियांशु व्यास, प्रियांश, अथर्व खद्दर और मुनि मिश्र समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)