Home UP News MBBS में दाखिले के नाम पर लाखों की कथित ठगी! मुरादाबाद में...

MBBS में दाखिले के नाम पर लाखों की कथित ठगी! मुरादाबाद में शिक्षकों समेत 10 लोगों पर FIR

मुरादाबाद में MBBS में दाखिला दिलाने के नाम पर कथित तौर पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता राजीव कुमार सैनी की तहरीर पर कटघर थाना पुलिस ने शिक्षकों समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में गणपत सिंह, विशाल, दीपचंद, अमीर चंद और सिंघानिया शामिल हैं। इसके अलावा चार अज्ञात पुरुष और एक अज्ञात महिला को भी आरोपी बनाया गया है।

बेटे और भतीजे के एडमिशन का किया था दावा

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने उनके बेटे और भतीजे का MBBS में मैनेजमेंट कोटे के तहत दाखिला कराने का भरोसा दिलाया था। इस एवज में अलग-अलग समय पर नकद रकम और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से लाखों रुपये लिए गए।

Also Read: ‘गाली-गलौज, मोबाइल छीना, डाटा डिलीट किया..’, अमेठी में जांच की कवरेज करने गए युवक से अभद्रता

रकम लेने के बाद दिए कथित फर्जी दस्तावेज

आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपियों ने दाखिले से जुड़े कुछ कथित फर्जी दस्तावेज भी उपलब्ध कराए। जब शिकायतकर्ता को मामले में संदेह हुआ और उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों पर अभद्रता करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

शिक्षकों के नाम आने से अभिभावकों में चर्चा

मामले में दीपचंद और अमीर चंद नाम के शिक्षकों के आरोपी बनाए जाने के बाद अभिभावकों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि शिक्षकों पर ही छात्रों के दाखिले के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप लगते हैं, तो यह शिक्षा व्यवस्था और संस्थानों की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Also Read: UP: स्कूली वाहनों पर चला परिवहन विभाग का डंडा, चार वाहन सीज

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

कटघर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 340(2), 316(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)