UP: छज्जे के रास्ते घर में घुसे चोर, करीब तीन लाख के जेवरात व नकदी पार

अमेठी: विकासखंड संग्रामपुर क्षेत्र के उत्तर गांव के पूरे दयाल गांव निवासी पवन तिवारी के घर में बुधवार रात चोर छज्जे के रास्ते घुस गए। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी सुबह होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया।

परिजनों के मुताबिक चोरी गए सामान में करीब 10 ग्राम सोने की जंजीर, तीन ग्राम की सोने की अंगूठी, एक सोने की सलाई, करीब 250 ग्राम चांदी की पायल और तीन हजार रुपये नकद शामिल हैं। मौजूदा बाजार भाव के आधार पर 13 ग्राम सोने और चांदी के जेवरात की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। सोने की सलाई की कीमत शामिल होने के बाद चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी जा रही है।

Also Read: कुकर के ढक्कन से पत्नी की हत्या, फिर बाथटब में डालकर हादसा दिखाने की कोशिश पति गिरफ्तार

परिजनों ने बताया कि रात करीब 12 बजे तक परिवार के कुछ लोग जाग रहे थे। इसके बाद सभी लोग सो गए। इसी दौरान चोर घर के पीछे से छज्जे के रास्ते अंदर दाखिल हुए। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नकदी निकाल ली और फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो अलमारी का ताला टूटा देखकर चोरी की जानकारी हुई।

घटना की सूचना बब्बन तिवारी ने 112 नंबर पर दी। सूचना मिलते ही संग्रामपुर थाना प्रभारी संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने पुलिस से चोरी गए जेवरात और नकदी की बरामदगी की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)