UP: वाराणसी में मानसून की कमजोर गतिविधि ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। करीब एक सप्ताह से बारिश नहीं होने के कारण शहर में गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है। मौसम में नमी अधिक होने से लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच गंगा के जलस्तर में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
32 डिग्री तापमान, 74 फीसदी नमी से बढ़ी परेशानी
गुरुवार को वाराणसी का तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार लगभग 3 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि वातावरण में नमी 74 प्रतिशत तक पहुंच गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से आने वाले दिनों में मानसून सक्रिय हो सकता है। 16 अगस्त तक वाराणसी समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
Also Read: UP: मौसम में बदलाव से बढ़े वायरल फीवर और सर्दी-जुकाम के मरीज, रोजाना 400 से 500 की ओपीडी
अगले तीन-चार दिन में बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों में मानसून के दोबारा सक्रिय होने की उम्मीद है। बारिश होने पर गंगा और वरुणा नदियों के जलस्तर में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले कुछ दिनों में दोनों नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। सोमवार को गंगा का जलस्तर 63.78 मीटर और वरुणा का जतस्तर 68.43 मीटर दर्ज किया गया था।
पिछले साल की तुलना में कम बढ़ा नदी का जलस्तर
गंगा वैज्ञानिक कृपाराम के अनुसार इस वर्ष बारिश अपेक्षाकृत कम होने के कारण नदियों के जलस्तर में उम्मीद के मुताबिक वृद्धि नहीं हुई है। बुधवार को गंगा का जलस्तर 17 सेंटीमीटर नीचे दर्ज किया गया। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार गंगा का जलस्तर काफी कम बना हुआ है।
Also Read: UP: जौनपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, घर से 40 किलो दोहरा और 30 किलो सुपारी बरामद
नाव संचालन को फिर मिली हरी झंडी
गंगा का पानी घटने के बाद जिला प्रशासन ने नदी में दोबारा नाव संचालन की अनुमति दे दी है। जलस्तर बढ़ने के चलते पिछले दिनों नाव चलाने पर रोक लगाई गई थी। प्रशासन ने संबंधित विभागों को नदी में निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि जलस्तर कम होने के बावजूद अभी 84 घाटों के बीच संपर्क बहाल नहीं हो सका है। यदि गंगा का जलस्तर इसी तरह घटता रहा तो आने वाले दिनों में घाटों के बीच आवागमन सामान्य होने की उम्मीद है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































