UP: आजमगढ़ में UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल कराने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने वाराणसी निवासी करीब 27 वर्षीय कुश पटेल को पकड़ा है। उसके पास से सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
परीक्षा केंद्र पर पकड़ा गया था अभ्यर्थी
मामला 9 अगस्त 2026 का है। शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान ब्लॉक-A के एक कक्ष में अभ्यर्थी आलोक पटेल की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। तलाशी लेने पर उसके कान से हियरिंग डिवाइस और अंडरवियर में छिपाकर रखा गया सिम लगा ब्लूटूथ डिवाइस व दो सेल बैटरियां बरामद हुई थीं।
छह लाख रुपये में तय हुआ था सौदा
पूछताछ में सामने आया कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से परीक्षा के दौरान बाहर से सवालों के जवाब बताने की योजना बनाई गई थी। इस मामले में आलोक पटेल और विरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान कुश पटेल का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने गुरुवार दोपहर नरौली तिराहा बंधा मोड़ के पास से दबोच लिया।
परीक्षा से पहले हुई थी तैयारी
पुलिस पूछताछ में कुश पटेल ने बताया कि परीक्षा से एक दिन पहले विरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू ने उससे नकल कराने को लेकर संपर्क किया था। इसके बाद उसने अन्य लोगों से बातचीत की और अभ्यर्थी को हियरिंग व ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए अभ्यास कराया गया। नकल कराने के बदले अभ्यर्थी से छह लाख रुपये लेने की बात तय हुई थी।
Also Read: UP: अवैध संबंधो के शक में भतीजे ने की चाची की हत्या, एसपी ने किया खुलासा
साथियों के साथ वाराणसी से आया था आरोपी
पुलिस के मुताबिक परीक्षा वाले दिन कुश पटेल अपने साथियों के साथ आलोक पटेल को लेकर वाराणसी से आजमगढ़ पहुंचा था। अभ्यर्थी के परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने के बाद आरोपी और उसके साथी बाहर इंतजार कर रहे थे। इसी बीच पुलिस की कार्रवाई और एक अभ्यर्थी के पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही सभी मौके से फरार हो गए। अब पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )



















































