UP: बलिया के नगरा थाना क्षेत्र में गड़वार मोड़ के पास क्लीनिक में हुई महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, महिला कंचन की हत्या उसके भतीजे ओंकारेश्वर उर्फ बिट्टू ने की थी। आरोपी ने अवैध संबंधों को लेकर हुए विवाद के बाद लोहे की रॉड से हमला कर वारदात को अंजाम दिया।
पति ने भतीजे पर जताया था शक
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त की रात करीब नौ बजे सियाराम ने सूचना दी कि उनकी पत्नी गड़वार चौराहे स्थित एक क्लीनिक पर बैठी थीं, जहां उनकी हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही नगरा पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मृतका के पति ने अपने भतीजे पर हत्या का आरोप लगाया था।
Also Read:कुकर के ढक्कन से पत्नी की हत्या, फिर बाथटब में डालकर हादसा दिखाने की कोशिश पति गिरफ्तार
आरोपी की तलाश में तीन टीमें लगाईं
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी की बाइक झाड़ी बाबा मठ के पास लावारिस हालत में खड़ी है।
हादसे के बाद झाड़ियों में छिपा मिला
सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी ओंकारेश्वर सड़क हादसे में घायल होकर झाड़ियों में छिपा मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट थी और खून बह रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और इलाज कराया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। उसके मुताबिक, चाची कंचन के साथ कथित अवैध संबंधों को लेकर वह असंतुष्ट था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में उसने लोहे की रॉड से हमला कर महिला की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































