UP: आगामी अग्निवीर भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, अम्बेडकर स्टेडियम का निरीक्षण

UP: सहारनपुर में आगामी अग्निवीर भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अम्बेडकर स्टेडियम, सहारनपुर स्थित परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्र की सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री मयंक पाठक तथा पुलिस अधीक्षक यातायात श्शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे। अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्र के प्रवेश और निकास मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था तथा आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया।

Also Read: रायबरेली: विभाजन की त्रासदी को याद कर भावुक हुए मंत्री, बोले- नई पीढ़ी को इतिहास और बलिदानों से कराना होगा परिचित

बताया गया कि आगामी अग्निवीर परीक्षा 17 अगस्त 2026 से 9 सितंबर 2026 तक आयोजित की जानी प्रस्तावित है। परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने दी जाए तथा अभ्यर्थियों की आवाजाही सुगम बनाए रखने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।सहारनपुर पुलिस का कहना है कि अग्निवीर परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)