चंदौली के धीना थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और लैंगिक अपराध के मामले में करीब आठ साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
2018 से पुलिस को दे रहा था चकमा
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2018 में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और लैंगिक अपराध के आरोप में धीना थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद से आरोपी लगातार फरार था। न्यायालय के आदेश के बावजूद पेश नहीं होने पर उसके खिलाफ धारा 174-ए के तहत भी कार्रवाई की गई थी। लंबे समय से फरार रहने के कारण पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
13 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि इनामी आरोपी महुजी तिराहा, जमानिया बॉर्डर के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।
तलाशी में तमंचा और कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरबाज नट उर्फ खबरी पुत्र जलालुद्दीन नट, निवासी कुशहां, थाना धीना, चंदौली के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। पुलिस ने बरामदगी के संबंध में धीना थाने में अलग मुकदमा दर्ज किया है।
बिहार से खरीदा था अवैध हथियार
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 2018 में मुकदमा दर्ज होने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलकर रह रहा था। उसके अनुसार, बरामद तमंचा उसने अपनी सुरक्षा के लिए बिहार से खरीदा था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक पतई राम, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा, कांस्टेबल अमित मिश्रा और कांस्टेबल अमित दुबे शामिल रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































