UP: अनियंत्रित पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत दुर्गापुर बाजार के पास हादसा, बाइक सवार साथी घायल

अमेठी: दुर्गापुर बाजार के पास चौधरी फिलिंग स्टेशन के निकट शुक्रवार सुबह अनियंत्रित पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रेवड़ा निवासी शिवम वर्मा (26) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी सुमित वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

परिजनों के अनुसार शिवम वर्मा सूरत शहर में रहकर नौकरी करता था और सूरत से अपने घर रेवड़ा लौट रहा था। तेज बारिश के कारण वह रास्ते में अहिमाने बाजार स्थित अपनी बहन के घर रुक गया था। शुक्रवार सुबह वह बाइक से घर के लिए निकला। दुर्गापुर बाजार के पास चौधरी फिलिंग स्टेशन के निकट पहुंचते ही सामने से आ रही अनियंत्रित पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

Also Read: UP: पत्नी से विवाद के बाद टूट गया व्यापारी! कमरे में बंद होकर उठाया खौफनाक कदम, दरवाजा तोड़ा तो लटक रहा था शव

टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे सुमित वर्मा को भी गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पीपरपुर थाना प्रभारी अरुण मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल सुमित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और शिवम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Also Read: UP: परशुराम प्रतिमा को लेकर वायरल वीडियो पर सियासत तेज, अखिलेश यादव ने विधायक सरिता भदौरिया पर साधा निशाना

परिजनों के मुताबिक शिवम तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। करीब पांच वर्ष पहले उसका विवाह हुआ था और उसका लगभग दो वर्ष का एक बेटा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल पिकअप और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)