UP: आजमगढ़ में 50 हजार के इनामी बदमाश गिरफ्तार, फ्लिपकार्ट कार्यालय में 6.31 लाख की लूट में था वांछित

UP: आजमगढ़ में कोतवाली पुलिस ने छह साल से अधिक समय से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी अंतरजनपदीय अपराधी राजू पथरकट को गिरफ्तार किया है। संतकबीरनगर के धनघटा थाना क्षेत्र के खाजो लोहहरिया निवासी आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

फ्लिपकार्ट कार्यालय लूट में था वांछित

पुलिस के मुताबिक, 5 फरवरी 2020 को करतालपुर स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में चार हथियारबंद बदमाशों ने कर्मचारियों को तमंचा दिखाकर करीब 6.31 लाख की नकदी लूट ली थी। बदमाश कार्यालय से सीसीटीवी का एनवीआर और इंटरनेट राउटर भी ले गए थे। इस घटना में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

Also Read: ‘मैं तुम्हारी पिटाई और नहीं सह सकती…’, पति से परेशान महिला ने उठाया खौफनाक कदम

इनाम बढ़कर हुआ था 50 हजार

लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचते रहे राजू पथरकट पर 4 अगस्त 2026 को एसएसपी आजमगढ़ ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। इसके बाद 8 अगस्त को डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र ने इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार कर दी। शनिवार को प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बंधा रोड स्थित प्राइवेट बस अड्डे से आरोपी को करीब 2:45 बजे पकड़ लिया।

नेपाल समेत कई शहरों में छिपता रहा

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने साथियों के साथ मिलकर फ्लिपकार्ट कार्यालय में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, लूट की रकम से उसने तमंचा और कारतूस खरीदे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह नेपाल, चेन्नई और बेंगलुरु समेत अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदलकर रह रहा था। बरामद हथियार के मामले में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।

Also Read: जौनपुर में छह चोरी की बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

12 मुकदमों का है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, राजू पथरकट के खिलाफ हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, कूटरचना और आर्म्स एक्ट समेत कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड में वर्ष 2007 का हत्या और अपहरण से जुड़ा मामला भी शामिल है। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक मामलों और साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)