जौनपुर: जौनपुर में वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जौनपुर की कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद सभी बाइक बिना नंबर प्लेट के मिली हैं। आरोपी के पास से 600 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक 14 अगस्त की सुबह उपनिरीक्षक जयदीप कोल पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन चोरी में शामिल एक आरोपी राजासाहब पोखरे और रसूलाबाद मालगोदाम के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर करीब सुबह 4:15 बजे अतुल सोनकर उर्फ बुल्ला को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी उमरपुर सुन्दरनगर कॉलोनी गुलरचक, थाना कोतवाली जौनपुर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें UP 62 CE 7187 नंबर की मोटरसाइकिल भी शामिल है, जिसे पुलिस के अनुसार 1 जून 2026 को सदर अस्पताल जौनपुर के पास से चोरी किया गया था।
बरामदगी के बाद कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 187/2026 में आरोपी का नाम प्रकाश में आने पर बीएनएस की धारा 317(2), 317(4) और 317(5) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर बरामद मोटरसाइकिलों से जुड़ी अन्य चोरी की घटनाओं की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम सफलता मानी जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































