UP: हाथरस में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2026 के लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के अगले चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परीक्षण केंद्र पर 17 अगस्त से अभिलेखों की संवीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DV&PST) कराया जा रहा है। यह प्रक्रिया 31 अगस्त तक जारी रहेगी।
एसपी ने परीक्षण केंद्र का किया निरीक्षण
सोमवार को पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचकर DV&PST केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया के लिए तैनात टीमों, अभिलेख सत्यापन के लिए भर्ती बोर्ड से आई टीम और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से तैयारियों की जानकारी ली।
भर्ती बोर्ड की गाइडलाइन के पालन के निर्देश
एसपी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार पूरी प्रक्रिया संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभिलेखों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए।
अभ्यर्थियों की सुविधाओं का भी लिया जायजा
परीक्षण केंद्र पर अभ्यर्थियों के लिए बनाए गए काउंटरों और टेबलों का भी पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही शारीरिक परीक्षण में इस्तेमाल होने वाले सभी उपकरणों को सही और कार्यशील स्थिति में रखने के लिए कहा।
अभ्यर्थियों से बातचीत कर जानी व्यवस्थाएं
निरीक्षण के दौरान एसपी ने DV&PST में शामिल होने पहुंचे अभ्यर्थियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया के दौरान सतर्कता बरतने और तय नियमों व मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरा कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है।



















































