चंदौली: एमएलसी पद दिलाने के नाम पर 17 लाख 22 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी करने के मामले में अलीनगर पुलिस ने वांछित आरोपी चन्द्रबहादुर मौर्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पैसे वापस मांगने पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पुलिस के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र के कैली गांव निवासी रीता चिरई ने शिकायत दर्ज कराई थी कि चन्द्रबहादुर मौर्य ने एमएलसी का पद दिलाने का झांसा देकर उनसे कुल 17 लाख 22 हजार रुपये लिए थे। बाद में जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
Also Read: UP: शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म का आरोप, शादी से मुकरा तो थाने पहुंची पीड़िता
शिकायत के आधार पर अलीनगर थाने में मु0अ0सं0 565/2025 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में 7 दिसंबर 2025 को मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान आरोपी वांछित चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। सोमवार, 17 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सुबह करीब 8:05 बजे गंजीप्रसाद तिराहे के आगे जीटीआर पुल की बाईं पटरी के पास से आरोपी चन्द्रबहादुर मौर्य को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चन्द्रबहादुर मौर्य पुत्र खरपत्तू मौर्य, निवासी ग्राम पिपरी, थाना भदोही, जनपद संत रविदास नगर, उम्र करीब 41 वर्ष के रूप में हुई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, निरीक्षक रमेश कुमार यादव, कांस्टेबल अली अहमद और कांस्टेबल आकाश सिंह शामिल रहे।



















































