इटावा: फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के अशोक नगर से सोमवार को कृष्णकला किड्स एकेडमी में पढ़ने वाला कक्षा चार का 10 वर्षीय छात्र शिवांश उर्फ राघव रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। छात्र सुबह घर से स्कूल के लिए निकला था। दोपहर करीब सवा 12 बजे स्कूल से बाहर निकलने के बाद वह घर नहीं पहुंचा। काफी तलाश के बाद भी सुराग न मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है। स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर शिवांश स्कूल के गेट से बाहर निकलता हुआ दिखाई दिया है। हालांकि, स्कूल से निकलने के बाद वह किस दिशा में गया, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
दोस्तों और परिचितों से पूछताछ
छात्र की मां ज्योति सेंगर के अनुसार, शिवांश सोमवार सुबह स्कूल गया था। दोपहर सवा 12 बजे स्कूल से निकलने के बाद वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसके दोस्तों और परिचितों से भी जानकारी जुटाई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
अनहोनी की आशंका से परिवार परेशान
बेटे के अचानक लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है। मां ज्योति सेंगर, नाना अजब सिंह समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका को लेकर परेशान हैं और पुलिस से छात्र को जल्द सकुशल बरामद करने की मांग कर रहे हैं।
Also Read: देवरिया : खाद्य मसाला प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण, बिना लाइसेंस वाले संचालकों को नोटिस
पुलिस ने तेज की तलाश
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस स्कूल से निकलने के बाद छात्र के संभावित रास्तों और संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी फुटेज के जरिए छात्र की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































