‘शिक्षण संस्थान को क्यों तबाह करना चाहते हैं?…’, जौहर यूनिवर्सिटी पर ED की कार्रवाई से भड़के इमरान मसूद

सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने वंदे मातरम को लेकर कहा कि राष्ट्रगीत का सम्मान किया जाना चाहिए और वह स्वयं भी इसका सम्मान करते हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के 1985 और 1988 के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि राष्ट्रगीत या राष्ट्रगान के दौरान किसी तरह का व्यवधान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अधिवेशनों में भी लंबे समय से वंदे मातरम का गायन होता रहा है। साथ ही उन्होंने धार्मिक स्वतंत्रता को संविधान में मिले अधिकारों के तहत महत्वपूर्ण बताया।

बाबा रामदेव के बयान पर जताई आपत्ति

योग गुरु बाबा रामदेव के बच्चों को लेकर दिए गए विवादित बयान पर इमरान मसूद ने कहा कि बच्चों का भविष्य सबसे अहम मुद्दा है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं, माता-पिता बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज ले रहे हैं और शिक्षा पूरी करने के बाद भी युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। ऐसे हालात में बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता स्वाभाविक है। उन्होंने बाबा रामदेव के बयान को किसी भी स्थिति में उचित नहीं बताया।

Also Read: जौहर यूनिवर्सिटी से सरकारी फंड तक…आजम खान के 10 ठिकानों पर ED की ताबड़तोड़ छापेमारी

जौहर यूनिवर्सिटी पर ED की कार्रवाई पर सवाल

जौहर यूनिवर्सिटी में प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई को लेकर सांसद ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि छापेमारी कब तक जारी रहेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर एक शिक्षण संस्थान को क्यों नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इमरान मसूद के मुताबिक, यदि किसी संस्था में नियमों से जुड़ी कमियां हैं तो उन्हें दूर करने और संस्था को नियमित करने के लिए कानूनी रास्ते अपनाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान को खत्म करने के बजाय उसे व्यवस्थित तरीके से संचालित करने पर जोर दिया जाना चाहिए।

आजम खान के खिलाफ कार्रवाई को बताया राजनीतिक दुश्मनी

आजम खान के खिलाफ हुई कार्रवाई पर इमरान मसूद ने कहा कि जिस तरह से कार्रवाई की गई, उससे राजनीतिक दुश्मनी निकाले जाने का आभास होता है। उन्होंने कहा कि राजनीति में व्यक्तिगत या राजनीतिक विरोध को इस तरह की कार्रवाई का माध्यम नहीं बनाना चाहिए। लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेदों के बावजूद मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।

Also Read: UP: आजम खान के करीबियों पर इनकम टैक्स की रेड में खुलासा, सरकारी काम के लिए जारी बजट जौहर यूनिवर्सिटी को चमकाने में लगाया

आशु मलिक से नोकझोंक पर दी सफाई

दिशा की बैठक में सपा विधायक आशु मलिक के साथ कथित नोकझोंक के वायरल वीडियो पर इमरान मसूद ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि बैठकों के दौरान नेताओं के बीच इस तरह की बातचीत और बहस होती रहती है। इसे झगड़े के तौर पर पेश करना सही नहीं है। उन्होंने वायरल वीडियो को लेकर कहा कि बैठक में हुई बातचीत को बढ़ा-चढ़ाकर विवाद का रूप दिया जा रहा है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.