UP: सुल्तानपुर में असलहा तस्कर गिरफ्तार, तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद

UP: सुल्तानपुर में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना धम्मौर पुलिस ने अवैध असलहे के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ धम्मौर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए रवाना किया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर चारू निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक धम्मौर विपेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 19 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे मुखबिर की सूचना पर ग्राम बहादुरपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने उस्मान पुत्र जहीरउद्दीन, निवासी ग्राम पूरे देवजानी, थाना कन्धई, जनपद प्रतापगढ़, उम्र करीब 42 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

ALSO READ:UP: क्राइम ब्रांच बनकर बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी से 27 किलो चांदी लूटी, 60 लाख की वारदात से सनसनी

तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के संबंध में थाना धम्मौर में मुकदमा संख्या 0152/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त का प्रतापगढ़ जनपद के विभिन्न थानों में आपराधिक इतिहास भी दर्ज है। इसके विरुद्ध हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है।