आजमगढ़: अहरौला और तहबरपुर पुलिस ने गुरुवार तड़के अलग-अलग मुठभेड़ों में अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में चारों के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 3 तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की XUV-500, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, 29,230 रुपये नकद, 5 मोबाइल और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद हुए हैं।
बरेली के रहने वाले हैं सभी आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलकस 21, साहिल 22, वाजिद 23 और फैजान 27 के रूप में हुई है। चारों बरेली जिले के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ बरेली, बदायूं समेत कई जनपदों में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
ALSO READ: Gonda: गैंगस्टर एक्ट में वांछित सूरज सिंह गिरफ्तार, कोतवाली नगर पुलिस ने भेजा न्यायालय
अहरौला में सुबह 3:46 बजे पहली मुठभेड़
अहरौला पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 3:46 बजे पश्चिमपट्टी महलिया के पास चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान तहबरपुर की ओर से आ रही सफेद XUV-500 को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस का आरोप है कि वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में *दिलकस* और *साहिल* के दाहिने पैर में गोली लगी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान करीब 6 बदमाश तहबरपुर की ओर फरार हो गए।
43 मिनट बाद तहबरपुर में दूसरी मुठभेड़
फरार बदमाशों की तलाश में जुटी तहबरपुर पुलिस ने सुबह 4:29 बजे चकियादुबे रामपुर सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान दुर्वासा ऋषि आश्रम की तरफ से आ रहे संदिग्धों को रोका। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने फिर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में *वाजिद* के दाहिने पैर और *फैजान* के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।
Also Read: डेढ़ महीने में खाते से उड़ाए 6.75 लाख…आजमगढ़ में 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
इस तरह देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हाईवे के किनारे XUV खड़ी कर देते थे। फिर 2-4 सदस्य नजदीकी गांवों में घरों की छत के रास्ते घुसकर ताले तोड़ते और सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद तय स्थान पर आकर XUV से फरार हो जाते थे।
7 घटनाओं का खुलासा, 4 जिलों में की थीं चोरी
पुलिस ने बरामदगी और पूछताछ के आधार पर अहरौला की 2, तहबरपुर की 2, बिलरियागंज की 2 और अम्बेडकरनगर के जैतपुर की 1 चोरी की घटना का खुलासा किया है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































