UP: अजनौरा मोड़ पर जलभराव से राहगीर परेशान, बारिश में तालाब बन जाता है मुख्य मार्ग

इटावा: जसवंतनगर-सैफई मार्ग पर अजनौरा मोड़ के पास जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दिनों में राहगीरों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। बारिश होते ही मुख्य सड़क पर काफी मात्रा में पानी जमा हो जाता है, जिससे मार्ग तालाब में तब्दील नजर आता है। जलभराव के कारण अजनौरा, पाठकपुरा, रुकनपुर और तुलारामपुर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।

यह मार्ग सैफई पीजीआई जाने के लिए महत्वपूर्ण होने के कारण दिनभर व्यस्त रहता है। एंबुलेंस, मरीजों के वाहन, दोपहिया और चारपहिया वाहन लगातार गुजरते हैं। सड़क पर पानी भर जाने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। विशेषकर बाइक सवारों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए स्थिति अधिक जोखिम भरी हो जाती है।

ALSO READ: Gonda: गैंगस्टर एक्ट में वांछित सूरज सिंह गिरफ्तार, कोतवाली नगर पुलिस ने भेजा न्यायालय

ग्रामीणों का कहना है कि अजनौरा मोड़ पर जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश के दौरान पानी की निकासी नहीं हो पाने से सड़क पर कई घंटे तक जलभराव रहता है। लोगों को मजबूरी में गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ सड़क भी लगातार खराब हो रही है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल निकासी के लिए नाला अथवा उचित व्यवस्था कराने और सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि समय रहते समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)