UP: अमेठी में रामगंज थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव में चोरों ने एक बुजुर्ग के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के पांच दिन बाद भी एफआईआर दर्ज न होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और कार्रवाई की मांग की।
दीवार में सेंध लगाकर घर में घुसे बदमाश
गाजीपुर निवासी कन्हैयालाल के अनुसार, 16 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने उनके मकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाई और अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद चोरों ने घर में रखे मंगलसूत्र, कान की झुमकी, पायल सहित सोने-चांदी के कई जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा करीब 10 हजार रुपये की नकदी भी लेकर फरार हो गए।
Also Read: UP: फतेहपुर में चोरी के गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद
सुबह बिखरा मिला सामान, दीवार में दिखी सेंध
परिजनों की नींद खुलने पर घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर मकान की पिछली दीवार में सेंध लगी होने का पता चला। कन्हैयालाल ने तत्काल घटना की सूचना पीआरबी को दी। इसके बाद रामगंज थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी और चोरी का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पांच दिन बाद भी FIR न होने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि थाने में शिकायत देने के बावजूद पुलिस की ओर से मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। कन्हैयालाल के मुताबिक, घटना को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक चोरी की एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि चोरी हुए जेवरात की कीमत लाखों रुपये है, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट कन्हैयालाल शुक्रवार को अमेठी स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. को शिकायती पत्र देकर घटना की जानकारी दी और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी, चोरी गए जेवरात व नकदी की बरामदगी की मांग की। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराने की गुहार लगाई। अब पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































