UP: फतेहपुर में चोरी के गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद

UP: फतेहपुर की कल्याणपुर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए संगठित गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों ने कल्याणपुर क्षेत्र में ई-रिक्शा सर्विस सेंटर और इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग की दुकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये का सामान चोरी किया था।

मामले से जुड़ी जानकारी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एलईडी टीवी, बैटरी, इन्वर्टर, वायरिंग तार, माइक्रोवेव, वायरलेस सेट, डीजे यूनिट के उपकरण, सीलिंग फैन, स्कूटी, एंड्रॉयड मोबाइल फोन और ₹3,950 नकद समेत चोरी का सामान बरामद किया है।पुलिस के मुताबिक 5/6 अगस्त की रात गोविंदपुर मोड़ स्थित प्रतिष्ठान से 32 इंच की एलईडी टीवी, सेटअप बॉक्स, वाई-फाई, तार और गोलक में रखी करीब ₹34,400 की नकदी चोरी हुई थी। इसके बाद 11/12 अगस्त की रात इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग की दुकान का शटर तोड़कर सामान चोरी किया गया।

ALSO READ: UP: सहारनपुर में ऑपरेशन सवेरा, 617 किलो डोडा पोस्त बरामद, डेढ़ करोड़ की खेप के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शफीक पुत्र स्व. करमुद्दीन, माशूक शाह पुत्र यासीन शाह, राशिद उर्फ सज्जान पुत्र मुन्ना और साजिब पुत्र इरफान उर्फ चांद के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार चोरी का सामान कानपुर नगर के सुजानपुर स्थित एक कबाड़ की दुकान पर बेचने की तैयारी थी। बरामदगी के आधार पर मुकदमों में धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)