UP: निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग ढही, तीन मजदूरों की मौत

UP: वृंदावन के रुक्मिणी विहार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह निर्माणाधीन ओमेक्स कोर्टयार्ड मॉल में लेंटर डालते समय शटरिंग भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे की चपेट में आए तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर घायल हो गया। घायल को गंभीर हालत में आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची फायर सर्विस और पुलिस टीम ने सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाल लिया।

पढ़िए जानकारी 

जानकारी के अनुसार मॉल की चौथी मंजिल पर लेंटर डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान शटरिंग अचानक ढह गई। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दो को ब्रॉड डेड घोषित कर दिया। मृतकों में एक नेपाल और दो पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए गए हैं। घायल मजदूर भी पश्चिम बंगाल का निवासी है।हादसे की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। पुलिस के मुताबिक अब मलबे में कोई व्यक्ति फंसा नहीं है। मृतकों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

ALSO READ: UP: चोटी काटकर अपमानित करने और फसल नष्ट करने का आरोप, पांच आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक घायल को बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है। फायर सर्विस की टीम ने सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया है। परिजनों से संपर्क कर तहरीर प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रुक्मिणी विहार में प्रतिष्ठित कंपनी की ओर से मॉल का निर्माण कराया जा रहा था। शटरिंग गिरने से तीन लोगों की मृत्यु हुई है, जो दुखद है। निर्माण का नक्शा विकास प्राधिकरण से स्वीकृत था। एक घायल का आगरा मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लेते हुए पीड़ितों की सहायता का आश्वासन दिया है। कंपनी के जनरल मैनेजर भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने पीड़ित परिवारों की सहायता का आश्वासन दिया है। परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)