UP: 131 बार चेन स्नेचिंग कर चुका ‘कालिया’ गिरफ्तार, 500+ CCTV खंगालने के बाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता

UP: अमेठी पुलिस ने चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में लखनऊ निवासी सत्येंद्र निषाद उर्फ कालिया और उसका साथी गगनप्रीत सिंह शामिल हैं। सत्येंद्र पर प्रदेश के कई जिलों में चेन लूट की वारदातों को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि वह वर्ष 2010 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है और अब तक 131 से अधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ 39 मुकदमों का रिकॉर्ड सामने आया है, जबकि कुल 56 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस जांच में मिली है।

महिला से चेन लूट के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश

मामला कमरौली थाना क्षेत्र स्थित यूपीएसआईडीसी कॉलोनी का है। 13 अगस्त को यहां एक महिला के गले से बाइक सवार बदमाश चेन झपटकर फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने अमेठी से लेकर अयोध्या तक अलग-अलग स्थानों पर लगे 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध बाइक सवार की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान करने में सफलता हासिल की।

Also Read: UP: ‘घर में सेंध, लाखों का माल पार…’, पांच दिन बाद भी FIR नहीं, SP कार्यालय पहुंचा पीड़ित

सीसीटीवी फुटेज से मिली सुराग, घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर सत्येंद्र निषाद उर्फ कालिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जांच के दौरान उसके साथी गगनप्रीत सिंह का नाम भी सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। दोनों के कब्जे से महिला से लूटी गई चेन, 10 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मुकदमे

पुलिस के अनुसार, सत्येंद्र निषाद उर्फ कालिया पुत्र मुनेश्वर लखनऊ के कनौसी, मानक नगर थाना क्षेत्र का निवासी है। वहीं गगनप्रीत सिंह पुत्र सुरजीत सिंह लखनऊ के आर्य नगर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, कालिया पहले बाराबंकी से एक बार और लखनऊ से तीन बार जेल जा चुका है। उसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।

Also Read: UP: 11 साल बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे, 50 हजार का इनामी अपहरण आरोपी गिरफ्तार

संपत्ति की भी होगी जांच, पुलिस टीम को इनाम

अमेठी पुलिस अब आरोपी की आपराधिक गतिविधियों के साथ उसकी चल-अचल संपत्तियों की भी जांच करेगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अपराध से अर्जित संपत्ति कहां-कहां बनाई है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.