UP: चंदौली के थाना मुगलसराय पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में पिछले 11 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को बिहार के दानापुर, पटना से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानिए क्या है मामला
पुलिस के अनुसार वर्ष 2015 में मैनाताली निवासी पवन कुमार भारूका ने मुगलसराय थाने में सूचना दी थी कि उनका करीब 24 वर्षीय पुत्र पीयूष भारूका घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसकी स्कूटी केंद्रीय विद्यालय मानसनगर के गेट के पास चाबी लगी अवस्था में लावारिस मिली थी। इसी दौरान परिजनों के मोबाइल पर पीयूष के मोबाइल नंबर से फिरौती के लिए फोन आया और उसे सकुशल पाने के बदले रुपये की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई थी।
ALSO READ: UP: फतेहपुर में चोरी के गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद
मामले में मुगलसराय थाने में मुकदमा अपराध संख्या 43/2015, धारा 364-ए और 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपहृत पीयूष भारूका को सकुशल बरामद कर लिया था। मामले में पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और विवेचना पूरी कर न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल किया जा चुका है।
इसी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी दिलीप कुमार सिंह पुत्र नागेंद्र सिंह, निवासी ग्राम बनखारा, थाना राजापाकर, जिला वैशाली, बिहार पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने 19 अगस्त 2026 को दानापुर, पटना से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा, जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार, उपनिरीक्षक बांकेलाल, कांस्टेबल अभिषेक दूबे और कांस्टेबल राकेश यादव शामिल रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































