रायबरेली: रूट से लेकर पार्किंग तक पैनी नजर, सीएम योगी के दौरे को लेकर रायबरेली पुलिस ने झोंकी ताकत

रायबरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 24 अगस्त को प्रस्तावित रायबरेली दौरे को लेकर पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस. ने शुक्रवार को जिले में पहुंचकर पुलिस अधिकारियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने एसपी रवि कुमार के साथ कार्यक्रम स्थलों और प्रस्तावित मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्गों तथा कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा को लेकर बारीकी से पड़ताल की गई। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए। कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा घेरा मजबूत करने के साथ भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने की रणनीति भी तैयार की गई।

Also Read: UP: रायबरेली में BJP की बड़ी सेंध की तैयारी! 24 अगस्त को योगी की मेगा जनसभा, गांधी गढ़ पर नजर

आइजी ने पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर उन मार्गों और स्थानों को देखा, जहां से मुख्यमंत्री का काफिला गुजरना प्रस्तावित है। इस दौरान पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग और वाहनों के आवागमन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम के दौरान आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित किरण बहुउद्देशीय हाल में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों से सुरक्षा प्लान को लेकर जानकारी ली गई और जरूरी सुधार के निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों को कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति स्पष्ट निर्देश देने और कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर जोर दिया गया। पुलिस महकमे की इस सक्रियता से साफ है कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर रायबरेली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई जोखिम लेने के मूड में अधिकारी नहीं हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)