UP: अयोध्या में लेखपाल पर कार्रवाई के विरोध में चंदौली में धरना, निष्पक्ष जांच की मांग

चंदौली: अयोध्या में साथी लेखपाल के खिलाफ एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के विरोध में शनिवार को चंदौली जिले के विभिन्न तहसील मुख्यालयों पर लेखपालों ने धरना-प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले मुगलसराय और चकिया तहसील परिसर में दर्जनों लेखपाल धरने पर बैठे। इस दौरान लेखपालों ने एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई।

लेखपालों का आरोप है कि अयोध्या में उनके साथी लेखपाल को रिश्वत के मामले में गलत तरीके से फंसाया गया है। धरने में शामिल लेखपाल प्रभाकर शर्मा ने कहा कि उनके साथी ने रिश्वत के रुपये को छुआ तक नहीं था, इसके बावजूद उसे जबरन रुपये पकड़ाने का प्रयास कर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई का लेखपाल संघ विरोध नहीं करता, लेकिन कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमानुसार होनी चाहिए।

Also Read: UP: लेखपालों ने खोला मोर्चा! अमेठी तहसील में प्रदर्शन, समाधान दिवस का बहिष्कार

लेखपालों ने एंटी करप्शन टीम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। लेखपालों का कहना है कि यदि कार्रवाई में किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन हुआ है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।

Also Read: रायबरेली: रूट से लेकर पार्किंग तक पैनी नजर, सीएम योगी के दौरे को लेकर रायबरेली पुलिस ने झोंकी ताकत

लेखपाल प्रभाकर शर्मा ने बताया कि जनवरी 2025 में गाजीपुर के कासिमाबाद तहसील में भी इसी तरह की कार्रवाई को लेकर लेखपाल संघ ने धरना-प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि संघ की मांग है कि अयोध्या प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।

मुगलसराय और चकिया तहसील में धरने के दौरान लेखपालों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अयोध्या के उच्चाधिकारियों से साथी लेखपाल के मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कार्रवाई की समीक्षा करने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लेखपालों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)