अमेठी: भ्रष्टाचार निवारण संगठन (ACO) की ट्रैप कार्रवाई के विरोध में शनिवार को अमेठी तहसील के लेखपालों ने थाना समाधान दिवस का बहिष्कार किया। लेखपाल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक तहसील परिसर में धरने पर बैठे रहेंगे उन्होंने अयोध्या की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्ष दीप के खिलाफ हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की।
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के पत्र के क्रम में प्रदेशभर में लेखपालों ने विरोध प्रदर्शन किया। अमेठी में तहसील अध्यक्ष प्रभात कुमार सिंह और तहसील मंत्री राजेश पाल के नेतृत्व में लेखपालों ने धरना दिया।
ALSO READ: गोण्डा: स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 वाहन जब्त और 7 का चालान
लेखपालों का कहना है कि फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ बिना पर्याप्त तथ्यों के ट्रैप कार्रवाई होने से संवर्ग में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। संगठन भ्रष्टाचार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई का समर्थन करता है, लेकिन गलत या अनुचित कार्रवाई का विरोध करता है।
लेखपालों ने अयोध्या की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्ष दीप के मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि उपलब्ध सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में प्रथम दृष्टया रिश्वत मांगने का कोई स्पष्ट तथ्य दिखाई नहीं देता। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग उठाई।
धरने में प्रभात कुमार सिंह, राजेश पाल, रीतू, विकास तिवारी समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे। लेखपालों ने कहा कि उनकी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर संगठन आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विचार करेगा।



















































