UP: आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र में 20 अगस्त को हुई महिला अकबरी की गला रेतकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 22 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती चोरी की नीयत से अकबरी के घर पहुंची थी। चोरी करते समय अकबरी ने उसे देख लिया, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने सब्जी काटने वाले चाकू से अकबरी की गला रेतकर हत्या कर दी।
जानिए क्या है मामला
पुलिस के मुताबिक, अकबरी अपने दो बच्चों के साथ बरदह स्थित घर में रहती थी, जबकि उसका पति ताहिर और बड़ा बेटा समीर मुंबई में रहते थे। 20 अगस्त की रात करीब दो बजे पड़ोसी ने परिजनों को अकबरी की मौत की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर वह घर में मृत मिली। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान पुलिस को 22 वर्षीय बबिता गोंड निवासी बरदह पर संदेह हुआ। पुलिस के अनुसार, बबिता का अकबरी के घर लगातार आना-जाना था और उसे घर में रुपये रखे होने की जानकारी थी।
ALSO READ: UP: बहराइच में 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, थाना परिसर से हुआ था फरार
पूछताछ में बबिता ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त को वह रुपये चोरी करने की नीयत से अकबरी के घर पहुंची थी। कमरे में रुपये तलाशने के दौरान अकबरी ने उसे देख लिया। विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई। इसी दौरान बाल खींचने पर अकबरी चारपाई के पाये से टकराकर बेहोश हो गई। आरोपी ने पकड़े जाने के डर से किचन में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अकबरी का गला रेत दिया और वहां से निकल गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के पास करकट में छिपाकर रखा गया घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। बबिता गोंड को 22 अगस्त को सुबह करीब 7:15 बजे पुलिस हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि मामले में मु0अ0सं0 289/2026, धारा 103(1)/333 बीएनएस, थाना बरदह में अभियोग पंजीकृत है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































