UP: घर में कोई अपना नहीं था, दो साल से बीमारी शरीर और जिंदगी दोनों पर भारी पड़ रही थी। माता-पिता और भाई को पहले ही खो चुका 40 वर्षीय बृजेश वर्मा आखिरकार जिंदगी की जंग हार गया। शनिवार सुबह उसने घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानिए क्या है मामला
थाना क्षेत्र के राघोपुर के अंश राजा राम डेरा निवासी बृजेश वर्मा पुत्र सीताराम वर्मा अविवाहित था और पिछले करीब दो वर्षों से बीमारी से परेशान बताया जा रहा था। पहले वह बाहर रहकर राजमिस्त्री का काम करता था, लेकिन बीमारी के कारण करीब दो साल से घर पर ही रह रहा था। शनिवार सुबह करीब 11 बजे बृजेश घर के अंदर चला गया। कुछ देर बाद उसने बांस की बल्ली में गमछा बांधकर फंदा बना लिया और उस पर लटक गया। करीब एक घंटे बाद उसकी चाची राजरानी खाना देने पहुंचीं। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने बगल के जंगले से अंदर झांककर देखा। सामने का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बृजेश फंदे पर लटका हुआ था।
चाची ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। सूचना मिलते ही दादौ चौकी प्रभारी दान बहादुर पाल पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर युवक को नीचे उतारा,लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थीं।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेज दिया।
ALSO READ: UP: देवर ने ही की भाभी की हत्या, मासूम बेटी ने खोला खौफनाक राज
अपनों को खोने के बाद अकेला रह गया था बृजेश
परिजनों के अनुसार बृजेश के पिता, मां और भाई की कुछ वर्ष पहले ही मौत हो चुकी थी।वह अविवाहित था और घर में अकेले रहता था।उसकी बड़ी बहन राजरानी की शादी मरका थाना क्षेत्र के इगुवा गांव में हुई है।भाई की मौत की खबर मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं और बिलख पड़ीं। राजरानी ने बताया कि बृजेश पहले बाहर रहकर राजमिस्त्री का काम करता था।करीब दो साल से बीमारी के कारण घर लौट आया था।परिवार के लोगों के मुताबिक बीमारी और अकेलेपन के चलते वह काफी परेशान रहता था। दादौ चौकी प्रभारी दान बहादुर पाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में युवक के बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात सामने आई है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































