UP: हाथरस में ई-रिक्शा चालकों की मनमानी और रेलवे पुलिस व ट्रैफिक पुलिस की कथित अनदेखी लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। हाथरस सिटी स्टेशन के पास बागला कॉलेज रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर ई-रिक्शा चालक खुलेआम नियमों की अनदेखी करते नजर आते हैं। यहां ई-रिक्शा चालक दोनों रेलवे फाटकों के बीच रेलवे लाइन के ऊपर अपने वाहन खड़े कर सवारियां भरते हैं।
बताया जा रहा है कि रेलवे फाटक के दोनों तरफ सड़क के दोनों किनारों पर ई-रिक्शा खड़े होने के कारण सड़क पर निकलने के लिए बेहद कम जगह बचती है। इसके चलते यहां दिन में कई बार लंबा जाम लग जाता है। स्थिति यह होती है कि कई बार जाम एक से डेढ़ घंटे तक खुल नहीं पाता।
भीषण गर्मी में जाम के अंदर स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे वाहन, दोपहिया वाहन और अन्य राहगीर घंटों फंसे रहते हैं। जाम के दौरान वाहन चालकों के बीच कहासुनी और विवाद की स्थिति भी पैदा हो जाती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूर्व में जाम के दौरान मारपीट तक की घटनाएं हो चुकी हैं।
ALSO READ: UP: गाजियाबाद के खोड़ा का खूनी खेल, पत्नी और बेटियों पर किया हमला, पूरी कहानी
सबसे बड़ा सवाल रेलवे लाइन और फाटक के आसपास खड़े इन ई-रिक्शाओं को लेकर है। अगर अचानक ट्रेन आने के कारण रेलवे फाटक बंद हो जाए और दोनों तरफ ई-रिक्शाओं की भीड़ लगी हो, तो स्थिति गंभीर हो सकती है। ऐसे में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण ई-रिक्शा चालकों के हौसले बुलंद हैं। अब लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि रेलवे क्रॉसिंग के आसपास अवैध रूप से खड़े होने वाले ई-रिक्शाओं पर कार्रवाई की जाए और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए, ताकि जाम के साथ-साथ संभावित हादसे को भी रोका जा सके।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



