UP: सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में रेलवे रोड पर सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अंग्रेजों के जमाने की करीब 100 वर्ष पुरानी तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत के गिरते ही इलाके में धूल और गर्दे का गुबार फैल गया। गनीमत रही कि हादसे के समय इमारत के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जनहानि का हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, यह पुरानी इमारत करीब छह महीने से बंद पड़ी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक मार्च से इसका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। अचानक दोपहर के समय इमारत का बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क की ओर गिर गया।हादसे के बाद जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया। मलबे के नीचे से एक मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा क्षतिग्रस्त हालत में बाहर निकाली गईं। आसपास की इमारतों को भी मलबा गिरने से मामूली नुकसान पहुंचा है।
पड़ोसी खुशबीर ने बताया कि इमारत काफी पुरानी थी और लंबे समय से बंद पड़ी थी। उन्होंने बताया कि आसपास के मकानों के शटर और कुछ हिस्सों को मलबे से नुकसान हुआ है, लेकिन किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल मलबा हटाने का काम जारी है। हादसे के बाद आसपास के लोगों में पुरानी और जर्जर इमारतों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































