UP: उत्तर प्रदेश सरकार ने छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और शिक्षण संस्थानों तक आवागमन आसान बनाने के उद्देश्य से रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना शुरू की है। योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं में से मेधावी छात्राओं का चयन किया जाएगा। चयनित छात्राओं को स्कूटी के साथ चार लीटर पेट्रोल दिया जाएगा। इसके अलावा स्कूटी के पैकेज में पंजीकरण शुल्क, व्यापक वाहन बीमा, आइएसआई मार्क हेलमेट और जरूरी एक्सेसरीज भी शामिल होंगी।
योजना का लाभ राज्य विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालयों, राजकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों और अन्य पात्र संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं को मिलेगा। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं में से संबंधित संस्थानों के स्तर पर टॉप पांच प्रतिशत मेधावी छात्राओं की सूची तैयार की जाएगी। विश्वविद्यालयों ने पात्र छात्राओं का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के लिए संबद्ध कॉलेजों और विभागों को निर्देश दिए हैं। सीजीपीए आधारित पाठ्यक्रमों में पात्रता का निर्धारण संबंधित विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार किया जाएगा।
योजना के लिए छात्रा का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। सामान्य छात्राओं के अलावा बलिदानी परिवारों की मेधावी छात्राओं, दिव्यांग छात्राओं और निराश्रित छात्राओं को भी योजना में शामिल किया गया है। इन विशेष श्रेणियों में निर्धारित मेरिट से 10 प्रतिशत तक कम अंक वाली छात्राओं को भी पात्रता देने का प्रावधान है। पात्रता सूची में आय सीमा से अधिक वाले परिवार की छात्रा पाए जाने पर संबंधित विश्वविद्यालय को तत्काल सूचना देनी होगी।
पात्र छात्राओं की सूची संबंधित विश्वविद्यालय के कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक के संयुक्त हस्ताक्षर से तैयार कर पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। सूची जारी होने के बाद जिलाधिकारी पात्र छात्राओं के नाम प्रदर्शित कराएंगे और उनके स्तर से स्कूटी आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। स्कूटी वितरण के बाद छात्राओं से प्राप्ति प्रमाण पत्र भी लिया जाएगा, जिसे पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। प्रत्येक जिले में समारोह आयोजित कर चयनित छात्राओं को स्कूटी वितरित करने की तैयारी है।
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत छात्राओं का अंतिम चयन शासन स्तर से किया जाएगा। इसी क्रम में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं में से निर्धारित पांच प्रतिशत मेधावी छात्राओं की सूची अभिलेखों सहित मांगी गई है। विश्वविद्यालय ने संबद्ध कॉलेजों और विभागों से पात्र छात्राओं का विवरण उपलब्ध कराने को कहा है। योजना के क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को शासन की ओर से तय दिशा-निर्देशों और शर्तों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पूरी जानकारी के लिए ऊपर दिए गए YouTube वीडियो के लिंक पर क्लिक करें।


















































