चंदौली: मंगलवार की देर रात तेज बारिश, आंधी और बिजली कड़कने के दौरान रेलगंज बस्ती में एक मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से पास में स्थित गुमटी और उसमें रखा सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में करीब 50 से 60 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है।
रेल गंज बस्ती निवासी आनंद कुमार ने बताया कि रात करीब 2:40 बजे तेज बारिश और बिजली कड़कने के बीच अचानक उनके मकान की दीवार गिर गई। दीवार का मलबा पास में लगी गुमटी पर जा गिरा, जिससे गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें रखा सामान भी दबकर खराब हो गया।
Also Read:UP: चाय की चुस्की पर महंगाई की मार! रायबरेली में चीनी के भाव में 33% उछाल
आनंद कुमार के मुताबिक, घटना के समय तेज बारिश और आंधी के कारण काफी अफरा-तफरी की स्थिति रही। गनीमत रही कि दीवार गिरने के दौरान आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। उन्होंने बताया कि गुमटी और उसमें रखे सामान को मिलाकर करीब 50 से 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।उन्होंने बताया कि घटना के बाद बुधवार की सुबह इसकी जानकारी क्षेत्रीय सभासद राजेश चौहान को दी गई। सूचना मिलने पर सभासद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी देने की बात कही।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर उचित सहायता दिलाए जाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण जर्जर मकानों और दीवारों को लेकर खतरा बढ़ गया है। प्रशासन से ऐसे स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































