मथुरा: राजू दास के खिलाफ कार्रवाई की मांग, सैकड़ों लोगों ने घेरा कलेक्ट्रेट

मथुरा: लाइव टीवी डिबेट के दौरान महंत राजू दास द्वारा कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के साथ कथित रूप से गाली-गलौज एवं अभद्र भाषा के प्रयोग के विरोध में शनिवार को सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समर्थक कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने राजू दास एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। कुंवर सिंह निषाद के नेतृत्व में पहुंचे समर्थक लगभग दो घंटे तक जिलाधिकारी से मुलाकात और ज्ञापन सौंपने के लिए इंतजार करते रहे, लेकिन जिलाधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने के कारण प्रदर्शनकारियों में भारी आक्रोश फैल गया। जिलाधिकारी से मुलाकात नहीं होने और ज्ञापन स्वीकार नहीं किए जाने पर आक्रोशित समर्थकों ने जिला प्रशासन के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। अंततः प्रदर्शनकारी बिना ज्ञापन दिए ही वापस लौट गए। इस घटना को लेकर समर्थकों में भारी रोष व्याप्त है।

Also Read: UP: महंत राजू दास का पुतला फूंक जताया आक्रोश, अमर्यादित टिप्पणी पर भड़का निषाद समाज

समर्थकों को संबोधित करते हुए कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि लाइव टीवी डिबेट जैसे सार्वजनिक मंच पर उनके साथ जिस प्रकार की अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, वह बेहद गंभीर और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजू दास को भाजपा की योगी सरकार का संरक्षण प्राप्त है और इसी संरक्षण के कारण वह सार्वजनिक मंचों पर माँ-बहनों के प्रति भी अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने का दुस्साहस करता है।

उन्होंने कहा, योगी आदित्यनाथ ऐसे लोगों को संरक्षण देना बंद करें। राजू दास के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर उसे कानून के अनुसार जेल भेजा जाए अथवा वह सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। यदि दो दिन के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो 1 सितंबर को इससे भी बड़ा और आक्रामक आंदोलन किया जाएगा। कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि यह लड़ाई केवल उनके व्यक्तिगत सम्मान की नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन में महिलाओं, माताओं और प्रत्येक नागरिक की गरिमा एवं सम्मान की लड़ाई है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.