मथुरा: बेटे की शादी कराने का सपना दिखाकर एक परिवार से 1.15 लाख रुपये लेने और शादी के कुछ समय बाद कथित दुल्हन के अपने साथियों के साथ फरार होने के मामले में सुरीर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 45,010 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
क्षेत्राधिकारी मांट अमर नाथ यादव ने बताया कि थाना सुरीर क्षेत्र के गांव नगला जयसिंह निवासी चंद्रभान ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसके बेटे की शादी कराने के नाम पर आरोपियों ने उससे 1 लाख 15 हजार रुपये लिए थे।
Also Read: UP: दो साल से मायके में रह रही थी पत्नी, परेशान युवक ने उठाया खौफनाक कदम
शिकायत के अनुसार, रुपये लेने के बाद चंद्रभान के बेटे को अलीगढ़ स्थित पनेठी देवी मंदिर ले जाया गया, जहां एक युवती से उसकी शादी कराई गई। शादी के बाद युवती को परिवार के साथ गांव भेज दिया गया। आरोप है कि गांव पहुंचने के कुछ समय बाद युवती अपने कथित साथियों इरफान और सुंदर के साथ फरार हो गई।
पीड़ित की शिकायत पर सुरीर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खायरा चौकी क्षेत्र में खंडहर खायरा कोठी के पास पेड़ के नीचे से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Also Read: पिता मौलवी, बेटा पुजारी! मेरठ में कासिम बन गया कृष्ण, मंदिर में करवा रहा था पूजा
गिरफ्तार आरोपियों में सुंदर, इरफान और युवती काजल उर्फ रूबीना शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सुंदर के कब्जे से 15,500 रुपये और एक रियलमी मोबाइल, इरफान से 22,010 रुपये और एक रियलमी मोबाइल तथा युवती के कब्जे से 7,500 रुपये नकद और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।


















































