UP: सीतापुर में आरक्षण और यूजीसी के विरोध में प्रस्तावित पदयात्रा से पहले पुलिस प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है. पुलिस ने करीब 40 लोगों को हिरासत में लिया है. हिरासत में लिए गए लोगों में क्रांतिकारी विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक ऐश्वर्य प्रताप सिंह और उनके पिता अनिल सिंह पाताबोझ समेत कई नेताओं के शामिल होने की बात सामने आई है.
बताया जा रहा है कि महोली विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोग जुट रहे थे. कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ने से पहले ही पुलिस ने महोली अंडरपास के पास घेराबंदी कर लोगों को रोक लिया और कई लोगों को हिरासत में ले लिया. पुलिस कार्रवाई के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
Also Read: ‘UGC कानून वापस लो…’, लखनऊ में सवर्ण मोर्चा का जोरदार विरोध प्रदर्शन
वहीं, अनिल सिंह पाताबोझ के गांव में भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस टीम ने एहतियातन सीतापुर के खूबपुर स्थित उनके आवास पर रात में दबिश दी, लेकिन वह मौके पर नहीं मिले.सूत्रों के मुताबिक, एलआईयू से मिले इनपुट के बाद जिला मुख्यालय को भी अलर्ट किया गया है. प्रस्तावित पदयात्रा को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल बढ़ाया गया है और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं.
पुलिस की कार्रवाई के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. हिरासत में लिए गए लोगों को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी और आगे की कार्रवाई का इंतजार है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































