UP: जलभराव की समस्या को लेकर सड़क पर उतरे लोग, नगर पालिका अधिकारियों का किया घेराव

हाथरस : अलीगढ़ रोड स्थित एलआईसी वाली गली में सड़क और नाली निर्माण को लेकर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब आक्रोशित इलाका वासी सड़क पर उतर आए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर की कोठी बनी हुई है और अपने मकान को जलभराव से बचाने के लिए सड़क को ऊंचा उठाकर निर्माण कराया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहले यहां नाली सीधी जा रही थी, लेकिन विधायक के मकान के पास नाली में यू-टर्न जैसा मोड़ दे दिया गया है। इसके चलते पीछे बने मकानों और गलियों का पानी आगे नहीं निकल पा रहा है और लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

Also Read: Raebareli: रायबरेली में आकाशीय बिजली ने छीन ली जिंदगी, शौच के लिए निकले भोला की मौके पर मौत

लोगों का यह भी आरोप है कि विधायक ने एलआईसी की सरकारी जमीन को अवैध तरीके से पहले तो अपने पति के नाम करवा दिया और इस पर भव्य कोठी खड़ी कर दी है। यहां सड़क को ऊंचा उठाने से पीछे रहने वाले मकानों के सामने पानी भरने की समस्या और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार अपनी समस्या से संबंधित अधिकारियों और विधायक को अवगत कराया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

इसके बाद आज बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और इलाका पुलिस मौके पर पहुंची।

लेकिन यहां महिलाओं ने अधिकारियों का घेराव कर लिया और उनकी गाड़ी के आगे धरने पर बैठ गईं। महिलाओं का कहना है कि जब तक कथित अनियमित तरीके से चल रहे सड़क और नाली निर्माण को रोका नहीं जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

ALSO READ: Jaunpur: जौनपुर में वाहन की टक्कर से घायल नंदी का वीडियो वायरल, ‘बेजुबान हेल्पिंग हैंड्स चैरिटेबल ट्रस्ट’ ने थाने में की शिकायत

स्थानीय लोगों की मांग है कि सड़क और नाली का निर्माण केवल आगे तक सीमित न रखकर पीछे के मकानों तक कराया जाए, ताकि पानी की निकासी सुचारु हो सके और जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

फिलहाल मौके पर पुलिस और नगर पालिका के अधिकारी लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों के आरोपों पर संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

बाइट — प्रदर्शनकारियों की

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)