UP: फतेहपुर में बिंदकी थाना क्षेत्र में करीब 68 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन से जुड़े फर्जी जीएसटी बिलिंग और आईटीसी फ्रॉड के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मुकदमा जीएसटी विभाग में उपायुक्त कर के पद पर कार्यरत श्रीमती शैवालिनी सिंह की तहरीर पर मु0अ0सं0 111/2026, धारा 318(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, RS Traders नामक फर्म के नाम पर फर्जी जीएसटी और ई-वे बिल तैयार कर करोड़ों रुपये का लेन-देन किया गया। जांच में फर्म के भौतिक रूप से अस्तित्व में न होने की बात भी सामने आई।
इलेक्ट्रॉनिक और अभिलेखीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अरविंद श्रीवास्तव निवासी उन्नाव, विवेक शुक्ला उर्फ संजय शुक्ला निवासी कानपुर नगर और दीपू गुप्ता उर्फ संजीव कुमार गुप्ता निवासी कानपुर नगर को गिरफ्तार किया है।पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जरूरतमंद लोगों को मासिक कमीशन का लालच देकर उनके आधार, पैन, बैंक खाते, हस्ताक्षरित चेक और सिम कार्ड हासिल करते थे। इन्हीं दस्तावेजों के सहारे JSR Sales समेत अन्य फर्जी शेल फर्म और बैंक खाते खोले जाते थे।
पुलिस के मुताबिक इन फर्जी फर्मों और खातों का इस्तेमाल कथित तौर पर फर्जी जीएसटी बिलिंग और आईटीसी फ्रॉड के लिए किया जाता था। इस पूरे नेटवर्क का संचालन मुख्य सरगना संजय अग्रवाल उर्फ संजय लाला द्वारा किए जाने की बात जांच में सामने आई है।अवैध गतिविधि से मिलने वाली कमीशन की रकम संजय अग्रवाल उर्फ संजय लाला से प्राप्त कर तीनों गिरफ्तार आरोपी आपस में बांटते थे। पुलिस अब मुख्य सरगना और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए साक्ष्य जुटा रही है।
Also Read: फर्जी मोबाइल निर्यात दिखाकर लिया रिफंड… नोएडा में 10 करोड़ की GST चोरी का भंडाफोड़
अपर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि मामले में मुख्य सरगना संजय अग्रवाल उर्फ संजय लाला के संबंध में साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी है। साथ ही अन्य संलिप्त व्यक्तियों, फर्जी फर्मों और बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































