Home UP News बहराइच में सोते किसान को घर से उठा ले गया जंगली जानवर,...

बहराइच में सोते किसान को घर से उठा ले गया जंगली जानवर, सुबह मिले खून के निशान और क्षत-विक्षत अवशेष

बहराइच: बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज में सोमवार की आधी रात खौफनाक घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। महबूबनगर गांव में घर के अंदर सो रहे किसान राम सिंह को एक जंगली जानवर घर से उठाकर जंगल की ओर ले गया। सुबह घटनास्थल के पास खून के निशान और क्षत-विक्षत अवशेष मिलने से गांव में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 12 बजे राम सिंह पुत्र मालती प्रसाद अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली जानवर घर में घुस आया और उन्हें उठाकर बाहर ले गया। परिजनों को जब घटना की भनक लगी तो उन्होंने शोर मचाते हुए ग्रामीणों को बुलाया, लेकिन तब तक जंगली जानवर राम सिंह को जंगल की ओर खींचकर ले जा चुका था।

Also Read: अमेठी के अंकित हत्याकांड में नया मोड़, शव रखकर प्रदर्शन करना पड़ा भारी, पुलिस ने 38 लोगों को किया चिन्हित

ग्रामीणों ने रात में काफी तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। मंगलवार सुबह तलाश के दौरान घटनास्थल के आसपास खून के निशान और क्षत-विक्षत अवशेष मिले। ग्रामीणों का दावा है कि जंगली जानवर राम सिंह को जंगल में ले जाकर अपना शिकार बना चुका था।

घटना की जानकारी मिलते ही मोतीपुर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ककरहा रेंज की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद महबूबनगर समेत आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल से सटे इलाकों में गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

वन विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि राम सिंह पर हमला करने वाला जंगली जानवर कौन था।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)