बाराबंकी: रामनगर थाना क्षेत्र के रामपुर तेलियानी गांव में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। पीड़ित परिवार ने चोरी गए सामान की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई है। वारदात के दौरान घर में महिलाएं और बच्चे सो रहे थे, जबकि परिवार के पुरुष बरामदे में सोए हुए थे। सुबह कमरे से दो बक्से गायब मिलने पर घटना की जानकारी हुई तो परिवार में हड़कंप मच गया।
गांव निवासी होमगार्ड वीर प्रताप सिंह के मुताबिक, रात में चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद कमरे में रखे दो बक्से उठाकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो बक्से गायब मिले। आसपास तलाश करने पर भी उनका पता नहीं चला। सूचना पुलिस को दी गई।
पीड़ित के अनुसार रक्षाबंधन पर्व पर उनकी बहन मायके आई हुई थीं। बहन और उनकी माता घर के अंदर सो रही थीं। चोरों ने बक्सों में रखे उनकी बहन के सोने के हार, चेन, बड़ा व छोटा माला, झाला, छह अंगूठियां, पायजेब और पायल समेत अन्य जेवर चोरी कर लिए। वहीं उनकी माता के सोने की चेन, बड़ा माला, दो अंगूठियां, पायजेब, पांच पायल और पांच जोड़ी बिछिया भी चोरी होने की बात कही गई है। इसके अलावा बक्से में रखे 75 हजार रुपये नकद भी चोर ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी रामनगर अरुण प्रताप सिंह और सुढ़ियामऊ चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिवार के लोगों से जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है। पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए आसपास के संभावित सुरागों की भी पड़ताल कर रही है।

















































