बच्चों के खाने में लापरवाही मिली तो ब्लैकलिस्ट होगा ठेकेदार…गोंडा में डीएम प्रियंका निरंजन ने 10 दिन में सुधार के दिए निर्देश

गोंडा: जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मंगलवार को समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय आश्रम पद्धति विद्यालय, जेल रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में पढ़ाई, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था और छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति देखी। डीएम ने अध्ययन कक्ष, रसोईघर, शौचालय समेत परिसर के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया।

छात्रों से बातचीत कर जानी जमीनी हकीकत

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के छात्रों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई की व्यवस्था, शिक्षकों के शिक्षण कार्य, भोजन और नाश्ते में मिलने वाली खाद्य सामग्री के बारे में जानकारी ली। छात्रों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कमियों को दूर करने और व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।

Also Read: UP: गोण्डा में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त, 39 एएनएम को शोकाज नोटिस

खराब भोजन मिला तो ब्लैकलिस्ट होगा ठेकेदार

भोजन की गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी ने ठेकेदार को सख्त हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों के भोजन में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि जांच में भोजन की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिली तो संबंधित संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। प्रधानाचार्य को पौष्टिक और स्वच्छ भोजन के साथ विद्यालय में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

छात्रावास के रेनोवेशन कार्य की भी जांच

डीएम ने विद्यालय परिसर में स्थित राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास में चल रहे नवीनीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपी सिडको के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और जहां जरूरी हो, वहां सुधार कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि 10 दिनों के भीतर व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: सीएम डैशबोर्ड में फिसला रायबरेली! अफसरों की लापरवाही से 18 पायदान नीचे गिरा जिला, 64वें नंबर पर पहुंचा

नियमित निगरानी के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और छात्रों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, कार्यदायी संस्था के पदाधिकारी अतुल मिश्रा, विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षक मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)