मथुरा: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर मथुरा में सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है। मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को नियंत्रित करने की तैयारियों तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। जन्माष्टमी पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मथुरा पहुंचने की संभावना को देखते हुए अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
Also Read: वर्दी, रायफल और फायरिंग… हाथरस के सिपाही का VIDEO वायरल, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
निरीक्षण के दौरान संवेदनशील स्थलों को विशेष रूप से चिन्हित कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और कानून-व्यवस्था भी पूरी तरह मजबूत बनी रहे।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को भी अधिकारियों ने बारीकी से परखा। निर्देश दिए गए कि सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जन्माष्टमी के दौरान शहर में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए यातायात प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण, वाहनों के सुचारू संचालन तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Also Read: Raebareli: बाइक ले जाने की जिद पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, भाई और चाची समेत तीन गिरफ्तार
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



