Sultanpur: धनपतगंज थाना पुलिस ने दुर्गा पूजा के दान पात्र चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया दान पात्र और उसमें से बचे 1,210 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ मुकदमे में बरामदगी के आधार पर अतिरिक्त धारा भी बढ़ाई गई है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, ग्राम पीरोसरैया निवासी दुर्गेश सिंह पुत्र जंगबहादुर सिंह ने 31 अगस्त को थाना धनपतगंज में तहरीर देकर बताया था कि उनके घर से दुर्गा पूजा का दान पात्र चोरी हो गया है। दान पात्र में करीब 1,780 रुपये रखे थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 175/2026 में धारा 305(ए)/331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए मंगलवार सुबह आरोपी लालू प्रसाद पुत्र पवन कुमार, निवासी बेही निदुरा, थाना बल्दीराय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे पड़रे से पीरोसरैया जाने वाली नहर पटरी की पक्की सड़क से पकड़ा। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने चोरी का दान पात्र और 1,210 रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राकेश कुमार मौर्या, हेड कांस्टेबल उमेश सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल मोहित कुमार और कांस्टेबल अवनीश कुमार शामिल रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































